Kartarpur Sahib Corridor खोलने की भगवंत मान की पीएम मोदी से अपील
चंडीगढ़, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर केंद्र सरकार से Kartarpur Sahib Corridor दोबारा खोलने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि लाखों नानक नाम लेवा संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर को जल्द खोलने की घोषणा की जाए, ताकि श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में नतमस्तक हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी से जुड़े इस पवित्र स्थान के दर्शन करने के लिए संगत लंबे समय से अरदास कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पंजाब विधानसभा में भी कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगत की धार्मिक भावनाओं और इच्छाओं का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार को इस संबंध में जल्द फैसला लेना चाहिए।
वाघा बॉर्डर नहीं तो कम से कम Kartarpur Sahib Corridor खोलें
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है। यदि वाघा बॉर्डर नहीं खोला जा सकता तो कम से कम श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोल दिया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर उसी दिन वापस लौट सकें।
उन्होंने कहा कि श्री करतारपुर साहिब वह पवित्र स्थान है, जहां गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के करीब 16 वर्ष बिताए। यहां उन्होंने खेतीबाड़ी की, मेहनत-मजदूरी करके आजीविका कमाई, परमात्मा का नाम सिमरन किया और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने का संदेश दिया।
संगत की भावनाओं का सम्मान करे केंद्र सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता को मेहनत करने, ईमानदारी से कमाई करने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया। करतारपुर साहिब का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व पूरी दुनिया की नानक नाम लेवा संगत के लिए बेहद खास है।
भगवंत मान ने कहा कि संगत की यही इच्छा है कि उसे बिछड़े हुए गुरुधामों के दर्शन करने और उनकी सेवा-संभाल का अवसर मिले। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को समझते हुए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में सकारात्मक फैसला लेकर लाखों श्रद्धालुओं की अरदास पूरी करेंगे।
यह भी पढ़े :- भगवंत मान द्वारा ऑनलाइन Census के दूसरे चरण की शुरुआत