Kartar Singh Sarabha के सपनों का पंजाब बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: भगवंत मान
सराभा (लुधियाना), 16 नवंबर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को शहीद Kartar Singh Sarabha के 111वें शहीदी दिवस पर उनके पैतृक गांव सराभा पहुंचकर श्रद्धा के फूल अर्पित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहीद Kartar Singh Sarabha के आदर्श और उनकी महान कुर्बानी आज भी देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके सपनों का पंजाब बनाना और प्रदेश को नशे, बेरोजगारी तथा बेइंसाफी से मुक्त करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने महज 19 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए फांसी का फंदा चूम लिया था। जिस उम्र में आज के नौजवान अपने भविष्य की योजनाएं बनाते हैं, उस उम्र में सराभा देश की आजादी के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने अपनी जवानी, सपने और जीवन मातृभूमि के नाम कुर्बान कर दिया।
भगवंत मान ने कहा कि शहीदी दिवस केवल औपचारिक समारोह नहीं हैं, बल्कि ये हर पीढ़ी को देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास करवाते हैं। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम न्याय, समानता, मानवता और तरक्की पर आधारित समाज का निर्माण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव सराभा में नवनिर्मित आम आदमी क्लिनिक लोगों को समर्पित किया और गांव के स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये की ग्रांट सौंपी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शहीदों के सम्मान और उनके सपनों के अनुरूप पंजाब बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 40 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए आम आदमी क्लिनिक में लोगों को मुफ्त डॉक्टरी सलाह, दवाइयां, लैब टेस्ट और बीमारियों की जांच की सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि लुधियाना जिले में पहले से 187 आम आदमी क्लिनिक चल रहे हैं, जबकि 27 अन्य क्लिनिक निर्माणाधीन हैं।
71,777 युवाओं को मेरिट के आधार पर दी सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने बिना किसी सिफारिश, पक्षपात और भ्रष्टाचार के केवल योग्यता के आधार पर 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए सिफारिश और रसूख की जरूरत पड़ती थी, लेकिन उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को बदल दिया है। अब केवल मेरिट ही भर्ती का आधार है।
उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई और मेहनत के लिए प्रेरित करें। सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करती रहेगी।
भगत सिंह जेब में रखते थे Kartar Singh Sarabha की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह शहीद Kartar Singh Sarabha से बेहद प्रभावित थे और उनकी तस्वीर अपनी जेब में रखते थे। उन्होंने कहा कि ताकतवर शासक और साम्राज्य इतिहास के पन्नों में खो जाते हैं, लेकिन देश और मानवता के लिए कुर्बानी देने वाले लोग हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहते हैं।
भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर सरकारी छुट्टी घोषित की है, ताकि बच्चे, विद्यार्थी और समाज का हर वर्ग इस महान क्रांतिकारी के जीवन और बलिदान के बारे में जान सके।
उन्होंने पंजाब के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर जी की महान शहादत और मालेरकोटला के नवाब द्वारा छोटे साहिबजादों के हक में उठाई गई आवाज के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सभी को मिलकर ऐसा पंजाब बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए जहां नशा, बेरोजगारी, भेदभाव और बेइंसाफी न हो तथा हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और हर योग्य नौजवान को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
यह भी पढ़े :- धूरी में Chhath Festival के समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान