पंजाब

भगवंत मान द्वारा ऑनलाइन Census के दूसरे चरण की शुरुआत

• •
5 Views
Launch of the second phase of the online Census by Bhagwant Mann
Launch of the second phase of the online Census by Bhagwant Mann

संगरूर, 16 नवंबर। पंजाब में Census 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपनी और अपने परिवार की ऑनलाइन Census प्रक्रिया पूरी करके इस अभियान का आगाज किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करके इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाए जाने वाले आंकड़े पंजाब की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया बेहद सरल है और इसे पूरा करने में लगभग 25 से 30 मिनट का समय लगता है। इसके लिए किसी भी दस्तावेज को जमा करवाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना अधिकारी घर-घर जाकर परिवारों की जानकारी एकत्र करेंगे।

16 साल बाद हो रही Census

भगवंत मान ने कहा कि 16 साल के अंतराल के बाद देश में जनगणना करवाई जा रही है। यह जनगणना दो चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और आवासीय स्थिति से संबंधित जानकारी जुटाने का काम किया गया था। इस दौरान घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों से संबंधित विवरण एकत्र किए गए।

उन्होंने कहा कि पहला चरण पंजाब में सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इसके लिए जनगणना अधिकारियों, गणनाकारों, सुपरवाइजरों, मास्टर ट्रेनरों, फील्ड ट्रेनरों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सराहनीय योगदान दिया है।

परिवार के सदस्यों और सामाजिक-आर्थिक स्थिति की जुटाई जाएगी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें परिवार के सदस्यों, उनकी शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आय, प्रवास और अन्य निर्धारित विवरण शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के आधार पर सरकार को भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी। जनसंख्या से संबंधित सही आंकड़े किसी भी राज्य की विकास योजनाओं का आधार होते हैं।

Census 2027 : मुख्यमंत्री ने खुद पूरी की ऑनलाइन प्रक्रिया

अपना अनुभव साझा करते हुए भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना पूरी की है। यह प्रक्रिया काफी आसान और सुविधाजनक है तथा इसे घर बैठे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक के अपनी जानकारी सही-सही दर्ज करें। इसके लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है और पूरी प्रक्रिया में लगभग 25 से 30 मिनट लगते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी गोपनीय रहेगी और इसका इस्तेमाल निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुसार सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

पंजाब देश के शुरुआती राज्यों में शामिल

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह गर्व की बात है कि पंजाब उन शुरुआती राज्यों में शामिल है, जहां जनगणना 2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार और आम जनता के बीच सहयोग बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर जनगणना संचालन पंजाब की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को जनगणना 2027 के दूसरे चरण और ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि पंजाब के विकास और भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

यह भी पढ़े :- Kartar Singh Sarabha के सपनों का पंजाब बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: भगवंत मान

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts