पंजाब चुनाव से पहले Congress का बड़ा दांव, 3 नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी
रिपोर्ट तैयार करेंगे अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 11 जून, (सुनील कुमार)। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए Congress हाईकमान ने राज्य की राजनीतिक स्थिति का विस्तृत आकलन कराने के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
हाईकमान ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को पंजाब का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। तीनों नेता राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं के मनोबल, विपक्षी दलों की गतिविधियों और चुनावी संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन करेंगे।
सूत्रों के अनुसार पर्यवेक्षकों की टीम पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेगी। इसके बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपी जाएगी।
Congress पंजाब में पूरी ताकत के साथ कर रही है आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि Congress पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी राज्य में अपने संगठन को और मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति को धार देने के लिए जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहती है। इसी उद्देश्य से तीन अनुभवी नेताओं को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंजाब Congress पिछले कुछ समय से संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों पर विशेष ध्यान दे रही है। ऐसे में हाईकमान द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट आने वाले दिनों में पार्टी की रणनीति, नेतृत्व की भूमिका और चुनावी अभियान की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकती है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पंजाब को लेकर पार्टी नेतृत्व गंभीरता से काम कर रहा है और राज्य में सत्ता वापसी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की समीक्षा की जा रही है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

यह भी पढ़े :- बहबल कलां गोलीकांड में सुखबीर बादल हो सख्त करवाई: बलतेज पन्नू