भाजपा के काले कृषि कानूनों का अपमान कभी नहीं भूलेगा पंजाब
मोहाली, 4 मई (ध्रुव)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया है और वह राज्य में कभी सत्ता हासिल नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा के “संदिग्ध चरित्र” को भली-भांति समझते हैं और समय आने पर उसे करारा जवाब देंगे।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध के दौरान किसानों के साथ हुए व्यवहार को पंजाब कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस आंदोलन में शहीद हुए सैकड़ों किसानों की जिम्मेदारी भाजपा पर है, इसलिए राज्य के लोग इस पार्टी को स्वीकार नहीं करेंगे।
भाजपा के रिकॉर्ड पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा पंजाब को उसके अधिकारों से वंचित रखने की कोशिश की है चाहे वह पंजाब यूनिवर्सिटी का मुद्दा हो, भाखड़ा डैम का पानी हो या केंद्र से मिलने वाली ग्रांट। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के विकास में बाधा डालने के लिए फंड रोके गए।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा का पंजाब में कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है और राज्य के लोग उसके “हवाई दावों” को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने कभी भी पंजाब के मुद्दों को मजबूती से नहीं उठाया।
आम आदमी क्लीनिक के तहत 990 केंद्रों पर मुफ्त इलाज
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिक के तहत 990 केंद्रों पर मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिन्हें जल्द बढ़ाकर 1400 किया जाएगा। यहां 100 से अधिक दवाएं और कई तरह के टेस्ट मुफ्त उपलब्ध हैं और ओपीडी संख्या 5 करोड़ से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि “मुख्यमंत्री सेहत योजना” के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज देने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोगों का आर्थिक बोझ कम होगा।
महिलाओं के लिए शुरू की गई मावां-धीयां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होगी।
कृषि और सिंचाई क्षेत्र में सुधारों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 14,000 किलोमीटर लंबा नहरी और पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जल स्तर बढ़ाने के लिए रिचार्ज प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
पंजाब में मिल रही है 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली, भाजपा आयेगी तो कर देगी बंद
शासन के मोर्चे पर उन्होंने दावा किया कि सरकार 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली, 65,000 से अधिक सरकारी नौकरियां और बेहतर सड़क ढांचा प्रदान कर रही है। साथ ही टोल प्लाजा बंद करने से लोगों को रोजाना लाखों रुपये की बचत हो रही है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्र अब JEE और NEET जैसी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति देने से खेती में भी बड़ा बदलाव आया है।
पारंपरिक राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब पुराने नेताओं के “भ्रम फैलाने वाले प्रचार” से प्रभावित नहीं होती और ऐसे नेताओं को सत्ता से बाहर कर दिया गया है।
धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम 2026 पास कर बेअदबी के मामलों में सख्त सजा का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
6 से 9 मई तक श्री आनंदपुर साहिब से शुरू होने वाली ‘शुक्राना यात्रा’
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 6 से 9 मई तक श्री आनंदपुर साहिब से शुरू होने वाली ‘शुक्राना यात्रा’ निकालेगी, जिसमें तख्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब, दमदमा साहिब, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब और श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेका जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस और गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व को वैश्विक स्तर पर मनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के जरिए समानता और मानवता का संदेश दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।
समापन में मुख्यमंत्री ने संत समाज से इन आयोजनों को और भव्य बनाने के लिए सुझाव और सहयोग देने की अपील की।
यह भी पढ़े :- 250 Sports Grounds का किया उद्घाटन, विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस