250 Sports Grounds का किया उद्घाटन, विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस
पंजाब के Sports Grounds से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होंगे पैदा
मोहाली, 4 मई (ध्रुव)। पंजाब में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को 250 अत्याधुनिक ग्रामीण Sports Grounds का उद्घाटन किया। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक पंजाब के गांवों में विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस कुल 3,100 Sports Grounds लोगों को समर्पित कर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों को खेल बुनियादी ढांचे का केंद्र बनाकर युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ खेल मैदान बनाना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बनाने के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, पेशेवर कोच और खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
भगवंत मान ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना नशे के खिलाफ लड़ाई का सबसे प्रभावी हथियार साबित हो सकता है। उनका कहना था कि जो युवा खेलों में सक्रिय रहते हैं, उनके पास नशों की तरफ मुड़ने का समय नहीं होता क्योंकि उनका ध्यान अपने खेल प्रदर्शन और उपलब्धियों पर केंद्रित रहता है।
शेष Sports Grounds तय चरणों में 15 जुलाई तक पूरे कर दिए जाएंगे
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पहले चरण में 1,250 करोड़ रुपये की लागत से 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित कर रही है। इनमें से 250 मैदान आज शुरू किए गए हैं, जबकि शेष मैदान तय चरणों में 15 जुलाई तक पूरे कर दिए जाएंगे। सरकार के कार्यक्रम के अनुसार 15 मई तक 500, 31 मई तक 250, 15 जून तक 500, 30 जून तक 1,000 और 15 जुलाई तक 600 अतिरिक्त मैदान तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ग्रामीण खेल मैदान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे। इन मैदानों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा और उन्हें खेलों में करियर बनाने का बेहतर मंच मिलेगा।
इन खेल मैदानों में चारदीवारी, पौधारोपण, छह फीट चौड़ा वॉकिंग ट्रैक, फ्लडलाइट्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल और हॉकी कोर्ट जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा 400 मीटर छह-लेन रनिंग ट्रैक, स्प्रिंकलर सिस्टम, सबमर्सिबल पंप, कंक्रीट बेंच, बच्चों के खेलने की जगह, पुरुष और महिला शौचालय, व्हीलचेयर रैंप तथा खेल उपकरणों के लिए स्टोरेज सुविधा भी उपलब्ध होगी।
खेलों के लिए बजट 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,791 करोड़ रुपये किया
प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मैदानों के लिए फुटबॉल और वॉलीबॉल कोच नियुक्त किए जाएंगे और बच्चों को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही खेल मैदानों के रखरखाव के लिए ग्रामीण खेल एवं तंदुरुस्ती समितियां बनाई जाएंगी।
खेल बजट में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां खेलों के लिए बजट 200 करोड़ रुपये से भी कम था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1,791 करोड़ रुपये कर दिया गया है। नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को ओलंपिक तैयारी के लिए 15 लाख और एशियाई खेलों के लिए 8 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 1-1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई है, जबकि नौ ओलंपिक पदक विजेताओं को पीसीएस और डीएसपी पदों पर नियुक्त किया गया है।
खेडां वतन पंजाब दियां’ और किला रायपुर ग्रामीण खेलों जैसे आयोजनों को किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ और किला रायपुर ग्रामीण खेलों जैसे आयोजनों के जरिए राज्य में मजबूत खेल संस्कृति विकसित की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पहली बार पंजाब को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी की मेजबानी का मौका मिला है, जिसके मुकाबले जालंधर के बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम और सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की, खेल किटें वितरित कीं और महिला खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने और पंजाब का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़े :- Bhagwant Mann Government की मुख्यमंत्री सेहत योजना बनी वरदान