बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा की पुरानी इच्छाएं पूरी कर रही पंजाब सरकार
चंडीगढ़, 24 अगस्त (ध्रुव)। पंजाब के वित्त मंत्री Harpal Cheema ने कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी द्वारा पंजाब सरकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर खर्च को लेकर उठाए गए सवालों पर पलटवार किया है। चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार सरकारी धन का गलत इस्तेमाल नहीं कर रही, बल्कि पंजाब की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी को गुरुओं और संतों की शिक्षाओं से जोड़ने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है।
एक वीडियो संदेश में वित्त मंत्री Harpal Cheema ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब की युवा पीढ़ी अपनी विरासत, गुरबाणी और आध्यात्मिक शिक्षाओं से जुड़ी रहे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के पीछे यही सोच है।
चीमा ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को गुरु साहिब की महान शहादत और उनके संदेश से परिचित करवाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह श्री गुरु रविदास महाराज जी का 650वां प्रकाश पर्व भी पूरे पंजाब में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने ‘हमारे राम’ जैसे कार्यक्रमों का बचाव करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ-साथ बच्चों और युवाओं को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना है।
बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए तीर्थ यात्रा योजना का भी किया जिक्र : Harpal Cheema
हरपाल चीमा ने पंजाब सरकार की तीर्थ यात्रा पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के कई बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार धार्मिक स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों या उम्र के कारण उनकी इच्छा पूरी नहीं हो पाती। सरकार ऐसे श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध करवा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है और ऐसे प्रयासों से बुजुर्गों की लंबे समय से चली आ रही इच्छाएं भी पूरी हो रही हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए चीमा ने कहा कि आम लोगों और श्रद्धालुओं के हित में उठाए जा रहे कदमों का विरोध कांग्रेस की सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से कांग्रेस नेता ऐसे कार्यक्रमों की आलोचना कर रहे हैं, जबकि इन पहलों से लोगों का अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव मजबूत हो रहा है।
चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, जो नई पीढ़ी को राज्य की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार सभी समुदायों की मान्यताओं, परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए काम करती रहेगी।
यह भी पढ़े :- धार्मिक कार्यक्रमों को ‘आडंबर’ कहना दुर्भाग्यपूर्ण: Deepak Bali