CBI रेड पर भगवंत मान का BJP पर हमला
संगरूर, 7 अक्टूबर। पंजाब में CBI की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। मान ने दावा किया कि पंजाब में करीब 12 घंटे चली CBI की तलाशी के बाद जांच एजेंसी को कुछ नहीं मिला और टीमें खाली हाथ लौट गईं। मुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने और उनकी तथा पंजाब सरकार की छवि खराब करने की कोशिश बताया।
संगरूर में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मान ने कहा कि वह और उनकी सरकार केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर जांच और हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि CBI की कार्रवाई का समय महत्वपूर्ण है और इसे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। मान ने दिल्ली और दूसरे राज्यों में विपक्षी नेताओं के खिलाफ हुई जांच और कार्रवाई का भी जिक्र किया।
‘CBI रेड में कुछ नहीं मिला’
मान ने कहा कि पंजाब में रेड करने पहुंची टीमें एक मकसद के साथ आई थीं, लेकिन उनके मुताबिक तलाशी के बाद कुछ बरामद नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 12 घंटे की कार्रवाई के बाद टीमें खाली हाथ लौट गईं।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से न तो वह डरेंगे और न ही पंजाब सरकार झुकेगी। मान के मुताबिक, वह राजनीति में पैसा कमाने के लिए नहीं आए हैं बल्कि पंजाब के लोगों की सेवा करने के लिए आए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में भी CBI की कार्रवाई को राजनीतिक बौखलाहट बताया और कहा कि वह ऐसी कोशिशों से डरने या झुकने वाले नहीं हैं।
भाजपा से माफी मांगने की मांग
भगवंत मान ने भाजपा से पंजाब के लोगों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुने हुए मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार और सरकार के कामकाज को भी बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मान ने कहा कि ऐसी कार्रवाई पंजाब सरकार को लोगों के लिए काम करने से नहीं रोक सकती।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा की ‘नशे के खिलाफ यात्रा’ की तरह यह ‘रेड यात्रा’ भी उनके अनुसार सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग किसी भी तरह की ‘धक्केशाही’ को स्वीकार नहीं करेंगे।
CBI व पंजाब के मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा
मान ने CBI कार्रवाई के साथ पंजाब से जुड़े कई पुराने मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, BBMB, SYL नहर, हरिके नहर, गणतंत्र दिवस की झांकी, RDF और बॉर्डर एरिया फंड का जिक्र करते हुए भाजपा पर पंजाब के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों का भी जिक्र किया और भाजपा पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ने से कई क्षेत्रों में किसानों की पैदावार में प्रति एकड़ चार क्विंटल तक की बढ़ोतरी हुई है।
मान ने कहा कि नहरों के जरिए सिंचाई बढ़ाना भूजल बचाने के लिए भी जरूरी है। सरकार का लक्ष्य किसानों को भूजल के बजाय अधिक से अधिक सतही नहर के पानी पर निर्भर करना है।
2027 को लेकर भी किया दावा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर अंदरूनी खींचतान और अकाली दल पर अपने पुराने कार्यों के कारण राजनीतिक रूप से कमजोर होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी लोगों के बीच अपने काम के आधार पर आगे बढ़ रही है।
मान ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का किसी पार्टी से मुकाबला नहीं है और पार्टी पंजाब के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय लिखेगी।
यह भी पढ़े :- De Addiction centres में अब HIV और हेपेटाइटिस की नियमित जांच