झूठा प्रचार मुझे पंजाब के लिए काम करने से नहीं रोक सकता : भगवंत मान
कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पंजाब की तरक्की के खिलाफ एकजुट; महिलाओं को 1 जुलाई से मिलेगा 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' का लाभ
बरनाला, 25 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि तीनों पारंपरिक राजनीतिक दल पंजाब की अभूतपूर्व तरक्की और आम आदमी पार्टी सरकार को मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर उनके खिलाफ एकजुट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से मुकाबला करने में असफल रहने के बाद विपक्ष अब धर्म के नाम पर फर्जी वीडियो और झूठे प्रचार का सहारा लेकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
बरनाला में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विपक्षी दल पंजाब में हो रहे विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है, जबकि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को अस्थिर करने और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए कई तरह की साजिशें रची जा रही हैं, लेकिन वह पंजाब और पंजाबियों की सेवा के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के लिए चल रहे कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे।
1 जुलाई से महिलाओं को मिलेगा आर्थिक सम्मान : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी 1 जुलाई से राज्यभर में ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ लागू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी तथा इसके लिए पंजाब सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि महिलाओं को सम्मान देने का प्रयास है। महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता समाज में उनकी भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करेगी।
गांवों में हाई-टेंशन तारें होंगी भूमिगत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने देश का पहला ऐसा व्यापक प्रोजेक्ट शुरू किया है जिसके तहत गांवों में हाई-टेंशन बिजली की तारों को भूमिगत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत उनके पैतृक गांव से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है।
उन्होंने कहा कि बिजली के खंभों और ऊपर से गुजरती तारों के कारण अक्सर हादसे होते हैं। खेतों में काम करने वाले किसान, ट्रैक्टर चालक और ग्रामीण इससे प्रभावित होते हैं। भूमिगत बिजली व्यवस्था से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बिजली आपूर्ति भी अधिक सुचारू होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज आंधी, बारिश और खराब मौसम के कारण बिजली के खंभे और तारें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है और सरकारी संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। यह परियोजना इन समस्याओं का स्थायी समाधान साबित होगी।
किसानों को मिल रही दिन में बिजली : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में पहली बार किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां केंद्र सरकार सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण कर रही है, वहीं पंजाब सरकार ने निजी थर्मल प्लांट खरीदकर एक नया उदाहरण स्थापित किया है।
सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब में 14,000 किलोमीटर लंबी पाइपलाइनें और सिंचाई खालें विकसित की हैं ताकि किसानों तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि इन माध्यमों से लगभग 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है। साथ ही नदियों और नहरों में बनाए गए रिचार्ज प्वाइंट्स के कारण भूजल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है।
विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला नहीं कर पा रहे, इसलिए धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर उन्हें निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल केवल उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से एक मंच पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो और मनगढ़ंत सामग्री फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में वायरल की गई वीडियो पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और झूठे प्रचार पर विश्वास न करें तथा तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।
जनता ही करेगी अंतिम फैसला : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की जनता समझदार है और सच तथा झूठ में फर्क करना जानती है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल चाहे जितनी साजिशें रच लें, लेकिन अंतिम फैसला जनता ही करेगी।
उन्होंने कहा, “मैं पंजाब के लोगों के बीच से आया हूं और हमेशा उनके बीच रहूंगा। मेरा पूरा ध्यान पंजाब की तरक्की, लोगों की भलाई और राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने पर केंद्रित है। झूठे प्रचार और फर्जी वीडियो मुझे मेरे रास्ते से नहीं भटका सकते।”
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ देश की सबसे व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं में से एक है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत अब तक पंजाब के लोगों को 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा चुका है। इससे आम लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हुआ है और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब को विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है और इसके लिए सभी प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़े : AGTF की बड़ी कार्रवाई : 152 दिनों में 713 अवैध हथियार बरामद