पंजाब

AGTF की बड़ी कार्रवाई : 152 दिनों में 713 अवैध हथियार बरामद

8 Views
Major action by AGTF 713 illegal weapons recovered in 152 days
Major action by AGTF 713 illegal weapons recovered in 152 days

एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 25 जून (सुनील कुमार)। पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ चल रही मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। भगवंत मान सरकार के निर्देशों पर पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'गैंग्स्टरां 'ते वार' के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने पिछले 152 दिनों के दौरान राज्यभर में कार्रवाई करते हुए 713 अवैध हथियार, 218 मैगजीन और 2,009 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को गैंगस्टर नेटवर्क और हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पंजाब पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गैंगस्टर संगठनों द्वारा युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करने के लिए उन्हें लालच दिया जाता है और अवैध हथियार उपलब्ध कराना इसी रणनीति का हिस्सा होता है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्कों को तोड़ने और अपराधियों तक हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस की ओर से समय-समय पर बड़े पैमाने पर अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों के सहयोगियों और उनके नेटवर्क से हथियारों की बरामदगी ने राज्य में कई संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोहराया कि हथियार तस्करी, सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।

सीमावर्ती जिलों में सबसे अधिक बरामदगी : AGTF

एजीटीएफ द्वारा चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशनों और अभियान के दौरान विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस आंकड़ों के अनुसार अभियान शुरू होने से अब तक अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र से 92, अमृतसर कमिश्नरेट से 201, फिरोजपुर से 155 और तरनतारन जिले से 243 अवैध हथियार, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये आंकड़े सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध और हथियार तस्करी पर लगाम लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाते हैं।

AGTF द्वारा पिछले महीने तेज किया गया अभियान

पंजाब पुलिस ने पिछले महीने अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान को और तेज किया था। इसके तहत राज्यभर में AGTF द्वारा कई विशेष अभियान चलाए गए, जिनके परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए। पुलिस का मानना है कि लगातार कार्रवाई से गैंगस्टरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

आधुनिक हथियारों से लेकर देसी पिस्तौल तक बरामद

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद हथियारों में आधुनिक तकनीक से लैस विदेशी हथियारों से लेकर देसी पिस्तौल तक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि AGTF अन्य पुलिस इकाइयों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर समन्वित ढंग से काम कर रही है और आने वाले दिनों में भी गैंगस्टरों तथा उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

अमृतसर में क्रॉस-बॉर्डर हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश

हाल ही में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 11 अत्याधुनिक पिस्तौलें तथा आठ जिंदा कारतूस बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क के संपर्क में थे। बरामद हथियारों को विभिन्न अपराधियों तक पहुंचाया जाना था और उनका इस्तेमाल रंगदारी, हिंसक वारदातों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था।

लुधियाना में भी बड़ी सफलता

इसी क्रम में लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने भी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हथियारों के स्रोत और उनसे जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

गैंगस्टर नेटवर्क खत्म करने के लिए अभियान रहेगा जारी

पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखने के लिए गैंगस्टर नेटवर्क, हथियार तस्करों और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 'गैंग्स्टरां 'ते वार' अभियान आने वाले समय में और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा ताकि अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके

यह भी पढ़े :- भगवंत मान के खिलाफ रची गई थी साजिश, सच आया बाहर

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts