हरपाल चीमा व बलतेज पन्नू बोले, DGP को देंगे शिकायत
चंडीगढ, 18 जून (सुनील कुमार)। पंजाब की राजनीति में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की कथित फर्जी वीडियो को लेकर कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा और आप लीडर बलतेज पन्नू ने अकाली दल और सुखबीर बादल (Sukhbir Badal) को ही कथित रूप में दोषी करार दे दिया है है। आम आदमी पार्टी ने इसे केवल मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश नहीं, बल्कि पूरे पंथ के खिलाफ रची गई एक बड़ी और सुनियोजित साजिश करार दिया है। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाया जाएगा।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंथ विरोधी ताकतें समाज में भ्रम फैलाने और पंजाब की शांति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर कानून के हवाले किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता दोपहर 2 बजे पंजाब के डीजीपी से मुलाकात कर इस मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे। साथ ही पूरे षड्यंत्र की निष्पक्ष और गहन जांच कर साजिशकर्ताओं को बेनकाब करने की मांग भी रखेंगे।
पहले पत्रकारों को भेजी गई थी वीडियो
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं ने दावा किया कि कथित फर्जी वीडियो सबसे पहले कुछ पत्रकारों को भेजी गई थी। हालांकि पत्रकारों ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाते हुए इसे प्रकाशित या प्रसारित करने से इनकार कर दिया। नेताओं के अनुसार, जब वीडियो को मीडिया में जगह नहीं मिली और उनकी साजिश को अंजाम नही मिला तो इसे सोशल मीडिया के जरिए फैलाने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि कुछ पत्रकारों ने स्वयं इस बात का खुलासा किया है कि उन्हें यह सामग्री भेजी गई थी, जिससे पूरे मामले की साजिश और भी स्पष्ट हो जाती है।
Sukhbir Badal व अकाली दल पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी अकाली दल व विशेष रूप से Sukhbir Badal लगातार इस तरह की राजनीतिक साजिशों का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि पंजाब की जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है और समय आने पर इसका लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देगी।
पंथ विरोधी ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा गया कि भगवंत सिंह मान की अगवाई वाली पंजाब सरकार पंथ, पंजाब और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या संगठन इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके।
आम आदमी पार्टी ने पूरे मामले को पंजाब की एकता, सामाजिक सद्भाव और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- धर्म की आड़ में मुझे बदनाम करने की हो रही साजिश : Bhagwant Mann