पंजाब

Qadian बनेगा सब-डिवीजन, एक ही परिसर में मिलेंगी सभी सेवाएं

11 Views
qadian-to-become-a-sub-division
qadian-to-become-a-sub-division

Qadian में अधिकांश सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी

गुरदासपुर, 29 जून (स्टेट हेडलाइंस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरदासपुर जिले के Qadian विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि Qadian को जल्द ही सब-डिवीजन का दर्जा दिया जाएगा। इसके साथ ही यहां एक आधुनिक सब-डिवीजनल प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जहां एसडीएम, डीएसपी, एडीसी समेत विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। इससे लोगों को सरकारी कामकाज के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिकांश सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

Qadian में आयोजित विशेष जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से सब-डिवीजन बनाने की मांग कर रहा था, जिसे अब उनकी सरकार पूरा करने जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी ताकि लोगों को इस सुविधा का लाभ शीघ्र मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों, विशेषकर शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक कुछ राजनीतिक परिवारों ने लोगों को डराकर और गुमराह कर वोट हासिल किए तथा पंजाब के संसाधनों को लूटा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग ऐसे नेताओं को राजनीति से बाहर का रास्ता दिखाएं।

पंजाब को "चोरों, लुटेरों और ठगों" से बचाने के लिए जनता को एकजुट होना होगा

भगवंत सिंह मान ने लोगों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब को "चोरों, लुटेरों और ठगों" से बचाने के लिए जनता को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने वर्षों तक पंजाब के विकास को पीछे धकेला, जबकि उनकी सरकार जनता के पैसे को केवल जनकल्याण और विकास कार्यों पर खर्च कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को भी राहत देते हुए कहा कि कीड़ी शुगर मिल से जुड़े गन्ना किसानों के बकाया भुगतान जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। इसके अलावा 47 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने वाले स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि बिना किसी भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सड़क ढांचे में भी बड़े स्तर पर सुधार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में 43 हजार किलोमीटर से अधिक लिंक सड़कों का नवीनीकरण कर रही है और ठेकेदारों को उनकी गुणवत्ता के लिए जवाबदेह बनाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को अब दिन के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है और सिंचाई के लिए नहरी पानी का उपयोग 22 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। Qadian

15 जुलाई तक पूरे पंजाब में 3,100 नए खेल मैदान जनता को समर्पित किए जाएंगे

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई तक पूरे पंजाब में 3,100 नए खेल मैदान जनता को समर्पित किए जाएंगे। उनका कहना था कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और यही नशे के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार भी है।

उन्होंने गांवों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार गांवों के तालाबों के पुनर्जीवन के लिए भी व्यापक अभियान चला रही है। तालाबों की सफाई और जल शोधन के बाद उस पानी का उपयोग कृषि कार्यों में किया जाएगा, जिससे भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि उन्हें जमीन पर लागू करना है। उन्होंने लोगों से विकास और खुशहाल पंजाब के निर्माण में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र के संतुलित विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

यह भी पढ़े :- पंजाब में Drugs के खिलाफ अभियान होगा तेज

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts