SIR 2026 : शिक्षकों की छुट्टी रद्द, शनिवार-रविवार को देनी होगी ड्यूटी
शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश, पूरे राज्य में लगेंगे कैंप
चंडीगढ़, 10 जुलाई, (ध्रुव)। पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ा आदेश जारी किया है। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 11 जुलाई (शनिवार) और 12 जुलाई (रविवार) को भी सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को ड्यूटी देनी होगी। यह आदेश स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR 2026) अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े विशेष कैंपों के आयोजन को लेकर जारी किया गया है।
शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह फैसला पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा 9 जुलाई को जारी निर्देशों के बाद लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि राज्य के सभी सरकारी और एडेड स्कूलों के शिक्षक निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित SIR 2026 विशेष कैंपों में उपस्थित रहेंगे और चुनाव आयोग के अधिकारियों की सहायता करेंगे।
SIR 2026 के चलते इन दोनों दिनों में शिक्षकों की ड्यूटी अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों दिनों में शिक्षकों की ड्यूटी अनिवार्य होगी। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा चुनाव आयोग द्वारा सौंपे गए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
SIR-2026 अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची का व्यापक पुनरीक्षण करना है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें, त्रुटियों को दूर किया जा सके और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके। इसके लिए राज्यभर में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
शिक्षा विभाग के इस आदेश के बाद स्पष्ट हो गया है कि इस सप्ताहांत शिक्षकों की छुट्टी नहीं होगी, बल्कि उन्हें चुनाव आयोग के विशेष अभियान में अपनी सेवाएं देनी होंगी। विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

यह भी पढ़े :- PSSSB के बाहर अकाली दल का हल्ला बोल, ETO भर्ती को बताया घोटाला