भगवंत मान बोले, पंजाब में 90 फीसदी वोटर मैपिंग पूरी
संगरूर, 1 जुलाई, (ध्रुव चावला)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अपना गणना फॉर्म (Enumeration Form) भरकर राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से वोटर सूची सत्यापन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में अब तक करीब 90 प्रतिशत वोटर मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
Enumeration Form : 25 जून से 24 जुलाई तक चल रही है प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शेष कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय चुनाव आयोग के अधिकारियों और BLO कर्मचारियों की मेहनत को देते हुए सभी को बधाई दी।
Enumeration Form : बिना दस्तावेज के हो रही पुष्टि
भगवंत मान ने कहा कि BLO प्रत्येक घर में जाकर गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता भी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा नहीं कराया जा रहा, बल्कि केवल मौजूदा विवरण की पुष्टि की जा रही है।
यदि कोई घर बंद मिलता है तो BLO सूचना पर्ची और स्टिकर लगाकर कम से कम तीन बार दोबारा वहां जाएंगे।
Enumeration Form जमा करना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन मतदाताओं का भरा हुआ Enumeration Form समय पर जमा होगा, केवल उनके नाम ही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जो लोग फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनके संबंध में पड़ोसियों से जानकारी लेकर उन्हें चार श्रेणियों—अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक और दोहरी वोट वाले मतदाता—में वर्गीकृत किया जाएगा।
जानिए महत्वपूर्ण तारीखें
- 25 जून – 24 जुलाई 2026: गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया
- 3 अगस्त 2026: ड्राफ्ट वोटर सूची का प्रकाशन
- 3 अगस्त – 2 सितंबर 2026: फॉर्म-6 और डिक्लेरेशन फॉर्म के जरिए दावा/आपत्ति
- 1 अक्टूबर 2026: अंतिम वोटर सूची का प्रकाशन
'एक भी वास्तविक वोट नहीं कटने देंगे'
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि SIR-2026 के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से वोटर सूची से न हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है और किसी भी वास्तविक वोट को काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
लोगों से की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते गणना फॉर्म भरने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।
यह भी पढ़े :- पंजाब में GST वसूली में 24.45 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी