पंजाब

भाजपा के इशारे पर पंजाब को बदनाम कर रहे Harbhajan Singh

3 Views
Harbhajan Singh is defaming Punjab at the behest of the BJP
Harbhajan Singh is defaming Punjab at the behest of the BJP

चंडीगढ़, 11 अगस्त, (ध्रुव)। आम आदमी पार्टी के पंजाब स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पूर्व क्रिकेटर एवं राज्यसभा सदस्य Harbhajan Singh भज्जी और अन्य सेलिब्रिटीज पर सोशल मीडिया के जरिए पंजाब को बदनाम करने का अभियान चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर पंजाब का बताकर वायरल किया जा रहा एक वीडियो वास्तव में राजस्थान का है।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में पन्नू ने कहा कि केवल ‘लाइक’ और ‘व्यूज’ हासिल करने के लिए बिना तथ्यों की जांच किए ऐसे वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर पंजाब, पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

पन्नू ने गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से ड्रग्स बरामदगी की खबरों का हवाला देते हुए सवाल किया कि जब गुजरात से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद होने की खबरें सामने आईं, तब यही Harbhajan Singh और सेलिब्रिटीज चुप क्यों रहे। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या केवल पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक चुनौती है।

56 हजार से ज्यादा मामले दर्ज करने का दावा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के तहत गांव से लेकर जिला स्तर तक नशे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उनके मुताबिक बॉर्डर क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और आम लोगों को भी ऐप के माध्यम से पुलिस तथा मुख्यमंत्री कार्यालय तक नशे से संबंधित जानकारी पहुंचाने की सुविधा दी गई है।

पन्नू ने पंजाब पुलिस के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि 1 मार्च 2025 से 9 अगस्त 2026 तक राज्य में नशे से संबंधित 56,267 मामले दर्ज किए गए और 75,552 आरोपियों को नामजद किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 3,575 किलोग्राम हेरोइन, 509 किलोग्राम स्मैक, 880 किलोग्राम अफीम, 43,271 किलोग्राम पोस्ता (डोडे) और 95 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की गई। इसके अलावा 21 करोड़ 71 लाख 267 रुपये की ड्रग मनी जब्त किए जाने का भी दावा किया।

पन्नू ने पंजाब में नशे की समस्या के लिए 2007 से 2017 के अकाली-भाजपा शासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उस दौर में नशे ने एक पूरी पीढ़ी को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांवों में खेल सुविधाएं विकसित करने पर जोर दे रही है।

Harbhajan Singh से पूछा, खिलाड़ी रहते पंजाब के युवाओं के लिए क्या किया?

Harbhajan Singh पर निशाना साधते हुए पन्नू ने सवाल किया कि जब वह खुद खिलाड़ी थे, तब उन्होंने पंजाब के बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए क्या योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के युवा खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और सरकार खेलों के लिए मैदान तथा अन्य सुविधाएं विकसित कर रही है।

पन्नू ने आरोप लगाया कि जिस आम आदमी पार्टी ने हरभजन सिंह भज्जी को सम्मान देते हुए राज्यसभा भेजा, आज वही पार्टी उनके निशाने पर है। उन्होंने कहा कि पंजाब को बदनाम करने वाली किसी भी मुहिम का सरकार और पंजाब के लोग मिलकर मुकाबला करेंगे।

उन्होंने पंजाब पुलिस, आम लोगों और विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्यों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान में सरकार पूरी मजबूती के साथ जुटी हुई है।

यह भी पढ़े :- 21,850 Teachers को दी गयी नशे के खिलाफ ट्रेनिंग

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts