पंजाब

Punjab Sports : संगरूर में 9.5 करोड़ का ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल शुरू

6 Views
Punjab Sports Olympic-standard swimming pool worth 9.5 crore inaugurated in Sangrur
Punjab Sports Olympic-standard swimming pool worth 9.5 crore inaugurated in Sangrur

Punjab Sports एशियन व ओलंपिक चैंपियनों की नर्सरी बनकर उभरेगा

संगरूर, 30 जून (स्टेट हेडलाइंस)। Punjab Sports को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को संगरूर के वार हीरोज स्टेडियम में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से बने ओलंपिक स्तर के आधुनिक स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर आने वाले वर्षों में एशियन, विश्व और ओलंपिक चैंपियनों की नर्सरी बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश कर रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह स्विमिंग पूल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसकी लंबाई 50 मीटर, चौड़ाई 21 मीटर तथा गहराई 4.6 फीट से 7.6 फीट तक है। इसमें आधुनिक फिल्ट्रेशन और डिसइन्फेक्शन सिस्टम, खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, शॉवर, प्रशिक्षकों के लिए विशेष कक्ष, स्टोर रूम और अत्याधुनिक जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सात वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अलग मिनी स्विमिंग पूल भी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना में विश्वस्तरीय मिर्था रेनोवएक्शन और क्लासिक मॉड्यूलर सिस्टम तकनीक का उपयोग किया गया है। लैमिनेटेड पीवीसी और स्टेनलेस स्टील पैनलों से निर्मित यह स्विमिंग पूल देश के आधुनिक खेल परिसरों (Punjab Sports) में शामिल होगा। यूरोपीय मानकों के अनुरूप स्थापित जल शोधन प्रणाली खिलाड़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराएगी।

भगवंत मान ने कहा कि संगरूर ने हमेशा तैराकी, हॉकी और मुक्केबाजी जैसे खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। अब विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने से यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Punjab Sports और देश का नाम और अधिक रोशन करेंगे।

पंजाब में पहली बार 1,790 करोड़ रुपये का बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय खेलों की लगातार उपेक्षा की गई और खेल बजट कभी 200 करोड़ रुपये से आगे नहीं बढ़ पाया। लेकिन उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपये कर दिया है, जो पंजाब के खेल इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अब प्रशिक्षण के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता भी दी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वालों को स्वर्ण पदक के लिए 1 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 75 लाख रुपये और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पंजाब में जल्द पंजाब क्रिकेट प्रीमियर लीग और पंजाब हॉकी प्रीमियर लीग शुरू की जाएगी, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है, जिसका आयोजन अक्टूबर-नवंबर में मोहाली और जालंधर में होगा। इससे राज्य की खेल पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दे रही है। इसी उद्देश्य से पूरे पंजाब में 3,100 आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, ताकि गांव-गांव के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आधुनिक खेल ढांचे और खिलाड़ियों के लिए सरकार की नई नीतियों के कारण पंजाब आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

यह भी पढ़े :- Punjab CM Sehat Yojana : 3524 लोगों के मुफ्त आंखों के ऑपरेशन

Share this story:
Rajesh Sachdeva

About Rajesh Sachdeva

Author at The State Headlines.

View all posts