Hockey Champions Trophy में 27 अक्टूबर को जालंधर में उद्घाटन, 5 नवंबर तक होंगे मुकाबले
चंडीगढ़, 9 अक्टूबर। पंजाब में एशियाई Hockey Champions Trophy की मेजबानी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सभी संबंधित विभागों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। 27 अक्टूबर को जालंधर में टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह होगा, जबकि 5 नवंबर तक मुकाबले खेले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि तैयारियां केवल स्टेडियम तक सीमित न रहें, बल्कि शहरों की सफाई, सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा, यातायात, खिलाड़ियों के ठहरने और मेहमानों की सुविधाओं पर भी पूरा ध्यान दिया जाए।
चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा के लिए हुई उच्चस्तरीय बैठक में मान ने कहा कि पंजाब की पहचान हॉकी की समृद्ध विरासत और भारतीय खेलों में उसके योगदान से जुड़ी है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को भाग लेने वाली टीमों, उनके सहायक कर्मचारियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
टूर्नामेंट में भारत के साथ चीन, मलेशिया, जापान, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के जरिए पंजाब को अपनी खेल उपलब्धियों, सांस्कृतिक परंपराओं और मेहमाननवाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाने का अवसर मिलेगा।
जालंधर और मोहाली में सफाई व सौंदर्यीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने जालंधर और मोहाली के नगर निगमों को व्यापक सफाई अभियान चलाने और सार्वजनिक स्थानों की हालत सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम और अन्य प्रमुख स्थानों तक जाने वाली सड़कों का रखरखाव किया जाए तथा जहां जरूरत हो, वहां मरम्मत करवाई जाए। शहरों में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों और उनके सहायक कर्मचारियों के लिए आरामदायक ठहरने, भोजन, सुरक्षा और परिवहन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। होटलों, खेल स्थलों और अन्य निर्धारित स्थानों के बीच आवाजाही सुचारू रखने को भी कहा गया, ताकि खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडलों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विद्यार्थियों को मैच दिखाने की योजना
मुख्यमंत्री ने स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था करने को कहा, जिससे विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबले देख सकें और खिलाड़ियों से प्रेरणा ले सकें। मान के मुताबिक, ऐसे आयोजन युवाओं को खेल, अनुशासन और टीम भावना से जोड़ने में मदद कर सकते हैं।
चैंपियनशिप से पहले राज्यभर में प्रचार अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रॉफी या उसके मॉडल को विशेष रूप से तैयार की गई गाड़ी में प्रदर्शित करते हुए पंजाब के अलग-अलग जिलों में ले जाने की योजना है। इसका उद्देश्य लोगों में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह पैदा करना और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन की तैयारियों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की जाए और किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जाए। सरकारी विभागों, आयोजकों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच तालमेल के लिए विशेष समन्वय समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रूजम, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव पुनीत गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- पंजाब Investors के लिए बनेगा प्राथमिकता वाला स्थान