भगवंत मान सरकार तोड़ेगी 2027 में पिछला रिकॉर्ड : Arvind Kejriwal
Arvind Kejriwal बोले, भगवंत मान सरकार के प्रति जबरदस्त प्रो-इनकम्बेंसी
लुधियाना/नई दिल्ली (ध्रुव)। पंजाब दौरे पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने दावा किया है कि पंजाब में भगवंत मान सरकार के प्रति जबरदस्त प्रो-इनकम्बेंसी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) पिछला चुनावी रिकॉर्ड भी तोड़ देगी। केजरीवाल ने कहा कि चार साल की सरकार के बाद आमतौर पर एंटी-इनकम्बेंसी देखने को मिलती है, लेकिन पंजाब में स्थिति इसके उलट है।
मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग सरकार के कामों की खुलकर तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि फ्री बिजली, खेतों तक नहरी पानी, 10 लाख रुपए तक का सेहत बीमा, बेहतर सड़कें और गांवों में विकास कार्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं और जल्द ही महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने की योजना भी शुरू होगी। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में भगवंत मान सरकार ने जितना काम किया है, उतना पहले किसी सरकार ने नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सरकार के कामों से खुश हैं और विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ जनहित का कोई बड़ा मुद्दा नहीं बचा है। विपक्ष केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना कर रहा है।
AAP संयोजक ने कहा कि अगले दो दिनों में पंजाब की वरिष्ठ नेतृत्व टीम के साथ चुनावी रणनीति और तैयारियों को लेकर बैठकें होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP बड़ी जीत दर्ज करेगी।
हालांकि, विपक्षी दल लगातार पंजाब सरकार के दावों पर सवाल उठाते रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरते रहे हैं। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता का फैसला ही राजनीतिक दावों की असली परीक्षा होगा।
मुख्य दावे जो केजरीवाल ने गिनाए:
- पंजाब में फ्री बिजली योजना
- खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के दावे
- ₹10 लाख तक सेहत बीमा
- गांवों में खेल मैदान और विकास कार्य
- महिलाओं को ₹1000 प्रति माह देने का वादा
- भगवंत मान सरकार के प्रति “प्रो-इनकम्बेंसी” का दावा
यह भी पढ़े :- NEET परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत, मुफ्त मिलेगा बस सफर