मुख्यमंत्री सेहत योजना से मोहाली के नाई की मुफ्त घुटने की सर्जरी
53 हजार रुपये का इलाज मुफ्त, फिर लौटेगा काम पर
चंडीगढ़, 4 जुलाई, (ध्रुव चावला)। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना एक बार फिर आम लोगों के लिए राहत का बड़ा सहारा साबित हुई है। मोहाली के रहने वाले नाई मोहम्मद जुल्फुकर को सड़क दुर्घटना में गंभीर घुटने की चोट लगने के बाद इलाज का खर्च उठाने की चिंता सता रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार की योजना के तहत उन्हें 53,455 रुपये की घुटने की सर्जरी पूरी तरह मुफ्त कराई गई।
दुर्घटना के बाद जुल्फुकर के लिए लंबे समय तक खड़े होकर काम करना मुश्किल हो गया था। उन्हें डर था कि यदि इलाज नहीं हुआ तो उनकी रोजी-रोटी छिन जाएगी। आर्थिक तंगी के कारण महंगी सर्जरी कराना उनके लिए संभव नहीं था।
मुख्यमंत्री सेहत योजना से मोहाली में हुआ मुफ्त ऑपरेशन
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत मोहाली (एसएएस नगर) के जिला अस्पताल में उनका एंटीरियर आर्थ्रोस्कोपिक मेनिस्कस रिपेयर/मेनिसेक्टॉमी ऑपरेशन किया गया। उपचार पर कुल 53,455 रुपये खर्च हुए, जिसे सरकार ने पूरी तरह वहन किया।
मोहम्मद जुल्फुकर ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि इलाज का पूरा खर्च योजना के तहत होगा, तो उन्हें ऐसा लगा जैसे सिर से बहुत बड़ा बोझ उतर गया हो। अब वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं और जल्द ही अपनी दुकान पर लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाल काटना केवल उनका पेशा नहीं बल्कि उनके परिवार की आजीविका का साधन है और इस योजना ने उन्हें नई जिंदगी दी है।
190 ऑर्थोपेडिक सर्जरी पर 53.38 लाख रुपये खर्च
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, रिपोर्टिंग अवधि के दौरान मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 190 ऑर्थोपेडिक प्रक्रियाएं कराई गईं, जिन पर 53.38 लाख रुपये खर्च हुए।
इनमें सबसे अधिक 79 फ्रैक्चर फिक्सेशन (ओपन रिडक्शन इंटरनल फिक्सेशन) सर्जरी की गईं, जिन पर 16.75 लाख रुपये खर्च हुए। प्रति मरीज औसत पैकेज लागत 21,209 रुपये रही।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से की अपील
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आधुनिक और एडवांस्ड सर्जिकल उपचार पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट पहनने, श्रमिकों से सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने तथा बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की ताकि गंभीर दुर्घटनाओं और चोटों से बचा जा सके।
यह भी पढ़े :- Punjab Gangster Crackdown : सरकार की बड़ी कार्रवाई, 43127 गिरफ्तार