कांग्रेस बताए, पंजाब में पार्टी चला कौन रहा है, राजा वड़िंग, रंधावा या चन्नी ?
बलतेज पन्नू का तीखा हमला, बोले - विकास पर नहीं, सीएम की कुर्सी पर लड़ रही कांग्रेस
चंडीगढ़, 5 जुलाई (सुनील कुमार)। आम आदमी पार्टी के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया प्रमुख बलतेज पन्नू ने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह को लेकर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि जिस पार्टी के नेता खुद अपने नेतृत्व पर भरोसा नहीं कर पा रहे, वह पंजाब की जनता को क्या नेतृत्व देगी।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पन्नू ने कहा कि कांग्रेस पहले यह स्पष्ट करे कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी को कौन चला रहा है, क्या अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा या फिर चरणजीत सिंह चन्नी चला रहे है या फिर दिल्ली बैठी हाई कमान चला रही है ? अगर कांग्रेस पार्टी को हर छोटे-बड़े फैसले के लिए दिल्ली हाईकमान की तरफ ही देखना पड़ता है, तो फिर यह लोग आम आदमी पार्टी के संगठन और सरकार में होने वाले विचार विमर्श पर ऊँगली कैसे उठा सकते है ?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही आम आदमी पार्टी पर हाईकमान से पार्टी चलाने का आरोप लगाती है, जबकि हकीकत यह है कि हर राष्ट्रीय पार्टी का अपना हाईकमान होता है और उसके फैसलों का सम्मान किया जाता है। अगर कांग्रेस खुद हाईकमान के निर्देशों पर चल सकती है, तो आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाने का उसे कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
बलतेज पन्नू ने कहा कि विपक्ष के पास भगवंत मान सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस सरकार को घेरने की कोशिश करती है तो विकास कार्यों के आंकड़े उसके आरोपों की हवा निकाल देते हैं। मुफ्त बिजली, किसानों तक नहरी पानी पहुंचाने, महिलाओं के सम्मान और जनहित की योजनाओं सहित हर क्षेत्र में भगवंत मान सरकार ने ऐसे फैसले लिए हैं, जिनका जवाब कांग्रेस के पास नहीं है। यही कारण है कि विपक्ष मुद्दों के बजाय केवल राजनीतिक शोर मचाने में लगा हुआ है।
टिकटों की सौदेबाजी के आरोपों की साख पर सवाल
बलतेज पन्नू ने कहा कि विधानसभा चुनाव की टिकटों को लेकर कांग्रेस के भीतर जिस तरह के आरोप सामने आ रहे हैं, उससे पार्टी की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अपने नेता ही एक-दूसरे पर टिकट दिलाने के नाम पर पैसे लेने और टिकट बेचने जैसे गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही मध्य प्रदेश के एक नेता ने पंजाब मामलों के तत्कालीन प्रभारी हरीश चौधरी पर आरोप लगाया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान टिकटों का सौदा किया गया था। अब हरीश चौधरी मध्य प्रदेश में टिकटों को देने के बदले में डिफेंडर व फॉर्चूनर गाडी तक मांग रहे है । बलतेज पन्नू ने कहा कि जब इस तरह के आरोप कांग्रेस के भीतर से ही सामने आ रहे हैं तो पार्टी को जनता के सामने किस मुँह से जायेगे क्योंकि जो लोग टिकटों के लिए इतना पैसा खर्च करेंगे तो विधायक बनने के पश्चात उसी पैसे को पूरा करने के लिए लूट भी मचाएंगे व ठग्गी करते हुए पंजाब को लूटेंगे । उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब कांग्रेस की राजनीति सिद्धांतों पर नहीं, बल्कि टिकटों के कथित सौदों पर चल रही है?
जनता के मुद्दे छोड़, मुख्यमंत्री की कुर्सी की लड़ाई में उलझी कांग्रेस
बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस इस समय जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है। पार्टी के नेता विकास, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय मुख्यमंत्री की कुर्सी की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ चुका है। हाल ही में हुई बैठक में पूर्व विधायकों द्वारा सार्वजनिक रूप से नेतृत्व पर सवाल उठाना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस इस समय संगठन नहीं, बल्कि गुटबाजी की राजनीति का शिकार हो चुकी है।
यह भी पढ़े :- Goa Health सिस्टम ध्वस्त, पंजाब मॉडल हो लागू : केजरीवाल